उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में क्षेत्रीय सेवा निदेशालय की बैठक आयोजित
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में क्षेत्रीय सेवा निदेशालय की बैठक आयोजित
/ April 09, 2026
Submitted by
pawankumar
on April 9, 2026
हल्द्वानी, उत्तराखंड: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय सेवा निदेशालय की ओर से राज्य के भीतर स्थापित 8 अध्ययन केंद्रों के क्षेत्रीय निदेशकों और सहायक क्षेत्रीय निदेशकों के साथ एक ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो0 नवीन चंद्र लोहनी ने की, जिसमें राज्य में मुक्त और दूरस्थ शिक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करने, शिक्षार्थियों को बेहतर शिक्षण सुविधा प्रदान करने और विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली में तकनीकी और ऑटोमेशन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई।
कुलपति जी ने निर्देश दिए कि सभी क्षेत्रीय केंद्रों में शीतकालीन सत्र और ग्रीष्मकालीन सत्र के आरंभ में ही अपने अध्ययन केंद्र से संबंधित समस्त सूचनाओं को वेब पेज पर अद्यतन किया जाए, ताकि शिक्षार्थी विश्वविद्यालय प्रशासनिक व्यवस्थाओं के साथ-साथ सरकार को सही समय पर सही सूचनाओं की जानकारी मिल सके। इसके अलावा, विगत वर्षों में आयोजित काउंसिलों के विवरण, परामर्शदाताओं की जानकारी और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप गोद लिए गए गांव में आंगनबाड़ी केंद्रों को विश्वविद्यालय की कार्य योजना के साथ जोड़ने पर भी चर्चा की गई।
कुलपति जी ने आगे निर्देश दिए कि माह में एक बार विश्वविद्यालय द्वारा क्षेत्रीय केंद्रों के अंतर्गत आने वाले समस्त अध्ययन केंद्रों, क्षेत्रीय निदेशकों, सहायक क्षेत्रीय निदेशकों की एक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें विश्वविद्यालय की क्षेत्रीय केंद्रों के संचालन और अध्ययन केंद्रों के संचालन में ऑटोमेशन की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में निदेशक क्षेत्र सेवाएं प्रो0 गिरिजा पांडे, प्रशासनिक अधिकारी श्री पी एस परिहार, श्री पवन कुमार और श्री जीतेंद्र द्विवेदी के साथ-साथ 8 क्षेत्रीय केंद्रों के क्षेत्रीय निदेशक और सहायक क्षेत्रीय निदेशक उपस्थित रहे।