उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में “AI और अकादमिक लेखन का भविष्य” विषय पर संगोष्ठी आयोजित
उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में “AI और अकादमिक लेखन का भविष्य” विषय पर संगोष्ठी आयोजित
उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के अनुसंधान एवं नवाचार निदेशालय द्वारा “AI और अकादमिक लेखन का भविष्य” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में स्विट्जरलैंड स्थित स्विस डिस्टेंस यूनिवर्सिटी ऑफ एप्लाइड साइंसेज (FFHS) की विजिटिंग प्रोफेसर डॉ. लुसिन म्कर्त्च्यान ने विशेष व्याख्यान दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने की।
संगोष्ठी का उद्देश्य अकादमिक लेखन, शोध संप्रेषण, शोध दस्तावेजीकरण एवं प्रकाशन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की उभरती भूमिका, इसके उपयोग, संभावनाओं तथा शोध में AI के जिम्मेदार और नैतिक उपयोग से जुड़ी चुनौतियों पर विमर्श करना था।
कार्यक्रम के स्वागत संबोधन में अनुसंधान एवं नवाचार निदेशालय की निदेशक प्रो. मंजरी अग्रवाल ने कहा कि AI ने अकादमिक एवं अनुसंधान के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन किए हैं। इसके नैतिक और जिम्मेदार उपयोग को सीखना वर्तमान समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वविद्यालय में संचालित पीएचडी कार्यक्रमों, शोध पाठ्यक्रम की संरचना, निदेशालय के कार्यों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। प्रस्तुति में शोध पाठ्यक्रम के मॉड्यूल, निदेशालय की विभिन्न समितियों, नामांकित शोधार्थियों की संख्या एवं उपलब्धियों, प्रदान की गई शोध फेलोशिप तथा संस्थागत नैतिकता समिति की भूमिका का विवरण प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए माननीय कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि अकादमिक क्षेत्र में AI के उपयोग से कार्यक्षमता और गति बढ़ती है, लेकिन इसकी विश्वसनीयता तथा संस्थागत स्तर पर इसके प्रभावी उपयोग की तैयारी जैसी चुनौतियाँ भी हैं। उन्होंने शोधार्थियों एवं प्राध्यापकों से आग्रह किया कि वे इस विशेष व्याख्यान का अधिकतम लाभ उठाएँ, क्योंकि उन्हें इस विषय की विशेषज्ञ वक्ता से सीधे सीखने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि मानवीय संवेदनशीलता और मौलिकता को महत्व देते हुए कार्य की गति एवं व्यापकता बढ़ाना आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक है।
विशेषज्ञ व्याख्यान में डॉ. लुसिन म्कर्त्च्यान ने “AI Authorship” विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने वैज्ञानिक लेखन सहित रिसर्च मेथड्स विषय के अंतर्गत अपनी शैक्षणिक जिम्मेदारियों का उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया कि AI को सह-लेखक के रूप में सूचीबद्ध नहीं किया जा सकता, क्योंकि लेखकीय जिम्मेदारी, सहमति और जवाबदेही मानवीय होती है। उन्होंने AI वैज्ञानिक प्रणालियों की अवधारणा समझाते हुए बताया कि ऐसी प्रणालियाँ न्यूनतम मानवीय सहायता के साथ परिकल्पना निर्माण, प्रयोगों की रूपरेखा, डेटा विश्लेषण एवं व्याख्या और वैज्ञानिक लेखन जैसे शोध के विभिन्न चरणों में कार्य कर सकती हैं।
उन्होंने AI आधारित स्वायत्त वैज्ञानिक प्रणालियों में मानव की भूमिका पर चर्चा करते हुए बताया कि कुछ प्रणालियों में मनुष्य केवल शोध का व्यापक ढाँचा निर्धारित करने और परिणामों का चयन करने तक सीमित रह सकता है, जबकि अन्य प्रणालियाँ “Human in the Loop” के सहयोगात्मक मॉडल पर कार्य करती हैं। उन्होंने साहित्यिक चोरी की जाँच करने वाले सॉफ्टवेयर की सीमाओं, पैराफ्रेजिंग और लाइसेंस प्राप्त सॉफ्टवेयर के बढ़ते उपयोग पर भी चर्चा की। विशेष रूप से उन्होंने शोध के “परिणाम एवं चर्चा” अनुभाग की मौलिकता और विश्वसनीयता पर बल देते हुए कहा कि इन भागों में शोधकर्ता के स्वयं के विश्लेषण, निष्कर्ष और वैज्ञानिक विवेचना को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
संगोष्ठी का संयोजन डॉ. एस.एन. ओझा ने किया तथा मुख्य सत्र के अंत में प्रो. पी.के. सहगल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में शोधार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। संगोष्ठी ने अकादमिक लेखन एवं शोध में AI के जिम्मेदार, पारदर्शी और नैतिक उपयोग पर सार्थक संवाद का अवसर प्रदान किया तथा शोध की गुणवत्ता, मौलिकता और शैक्षणिक ईमानदारी बनाए रखने की आवश्यकता को रेखांकित किया।
- Log in to post comments
