Skip to main content

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में भव्य पूर्व छात्र अधिवेशन सम्पन्न, उत्कृष्ट पूर्व छात्रों का हुआ सम्मान

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में भव्य पूर्व छात्र अधिवेशन सम्पन्न, उत्कृष्ट पूर्व छात्रों का हुआ सम्मान

Program
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में भव्य पूर्व छात्र अधिवेशन सम्पन्न, उत्कृष्ट पूर्व छात्रों का हुआ सम्मान हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के मुख्य सभागार में शनिवार, 16 मई 2026 को विश्वविद्यालय की पूर्व छात्र समिति द्वारा वार्षिक पूर्व छात्र अधिवेशन का भव्य आयोजन किया गया। अधिवेशन में विश्वविद्यालय के पूर्व शिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का उद्देश्य विश्वविद्यालय और उसके पूर्व छात्रों के मध्य समन्वय स्थापित करना, अनुभवों का आदान-प्रदान करना तथा विश्वविद्यालय की प्रगति में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत पूर्व छात्र समिति के प्रभारी डॉ. भानु जोशी ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा विश्वविद्यालय एवं पूर्व छात्रों के बीच निरंतर संवाद और सहयोग को आवश्यक बताया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित पूर्व छात्र डॉ. एस. के. तनेजा एवं श्रीमती लता बोरा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनके सामाजिक, शैक्षिक एवं जनहितकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे पूर्व छात्र विश्वविद्यालय की पहचान को समाज में सुदृढ़ करते हैं तथा वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत का कार्य करते हैं। सम्मान प्राप्त करने के बाद दोनों पूर्व छात्रों ने विश्वविद्यालय के प्रति अपनी भावनाएँ व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की दिशा प्रदान की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय की वास्तविक शक्ति उसके पूर्व छात्र होते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र समाज में विश्वविद्यालय की छवि को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनका अनुभव और ज्ञान नई पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध हो सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में आयोजित होने वाले पूर्व छात्र अधिवेशनों में शिक्षा, समाज सेवा, प्रशासन, विज्ञान, तकनीकी, साहित्य और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पूर्व छात्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाए। पूर्व छात्र समिति के अध्यक्ष डॉ. अनिल कोठारी ने समिति की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि समिति का उद्देश्य पूर्व विद्यार्थियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जिससे वे विश्वविद्यालय के विकास में रचनात्मक भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत पूर्व छात्रों ने अपने शैक्षिक एवं व्यावसायिक अनुभव साझा किए। पूर्व छात्रों ने कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली ने उन्हें शिक्षा प्राप्त करने का सशक्त अवसर प्रदान किया, जिससे वे अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में सफलता प्राप्त कर सके। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेन्द्र कैड़ा ने किया, जबकि समापन अवसर पर कुलसचिव डॉ. खेमराज भट्ट ने सभी अतिथियों, पूर्व छात्रों, शिक्षकगणों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र विश्वविद्यालय परिवार का अभिन्न अंग हैं और उनकी सहभागिता से विश्वविद्यालय निरंतर विकास की ओर अग्रसर रहेगा। इस अवसर पर पूर्व छात्र समिति के उपाध्यक्ष डॉ. बालम दफौटी, सचिव मंजु जोशी, कोषाध्यक्ष गणेश जोशी, कार्यकारी सदस्य चारु जोशी, ललित मोहन, रेखा बिष्ट सहित विश्वविद्यालय की विभिन्न विद्याशाखाओं के निदेशक, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पूर्व छात्र उपस्थित रहे।

For Administrative enquiries:

Uttarakhand Open University

Behind Transport Nagar, Vishwavidyalaya Marg,
Haldwani (Nainital) 263139 Uttarakhand

Toll Free : 1800 180 4025
Operator : 05946-286000


Admissions : 05946286002


Book Distribution Unit : 05946-286001


Exam Section : 05946-286022


Fax : 05946-264232