Skip to main content

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय और नेपाल के फार वेस्टर्न विश्वविद्यालय के बीच ऐतिहासिक शैक्षिक समझौता

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय और नेपाल के फार वेस्टर्न विश्वविद्यालय के बीच ऐतिहासिक शैक्षिक समझौता

NepalMou
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय और नेपाल के फार वेस्टर्न विश्वविद्यालय के बीच ऐतिहासिक शैक्षिक समझौता हल्द्वानी, दिनांक 19 मार्च 2026 उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी ने नेपाल के फार वेस्टर्न विश्वविद्यालय (Far Western University) के साथ अकादमिक एवं शोध सहयोग को सुदृढ़ करने हेतु एक महत्वपूर्ण समझौता (MoU) संपन्न किया। यह समझौता दोनों विश्वविद्यालयों के बीच ज्ञान, शोध एवं सांस्कृतिक सहयोग को नई दिशा प्रदान करेगा। इस समझौते के अंतर्गत दोनों विश्वविद्यालय अकादमिक गतिविधियों के आदान-प्रदान, शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में संयुक्त कार्य, तथा बौद्धिक संपदा के क्षेत्र में साझेदारी को बढ़ावा देंगे। साथ ही, हिमालयी क्षेत्र के विश्वविद्यालय होने के नाते दोनों संस्थान हिमालयी हेरिटेज के संवर्धन, विकास एवं सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए भी संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। इस अवसर पर कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी जी ने कहा कि यह समझौता केवल दो विश्वविद्यालयों के बीच ही नहीं, बल्कि भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थान मिलकर नेपाली भाषा सहित विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों का संचालन तथा हिमालयी क्षेत्र के भौगोलिक एवं सांस्कृतिक अध्ययन पर शोध को आगे बढ़ाएंगे। नेपाल यूजीसी के चेयरमैन प्रो. देशराज अधिकारी जी ने इस साझेदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का आभार जताया और इसे द्विपक्षीय शैक्षिक सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। फार वेस्टर्न विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हेमराज पंत जी ने कहा कि यह समझौता दोनों विश्वविद्यालयों के लिए आशा और संभावनाओं से भरा है तथा वे मिलकर निर्धारित उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। निदेशक प्रो. गिरिजा पाण्डेय जी ने इसे अकादमिक एवं शोध गतिविधियों को नई गति देने वाला मील का पत्थर बताया और कहा कि यह साझेदारी साझा सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम के शुरुआत में डॉ. शशांक शुक्ल ने अतिथियों का स्वागत किया, संचालन डॉ. अनिल कार्की ने किया, कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव खैमराज भट्ट ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। यह समझौता भारत और नेपाल के बीच शैक्षिक सहयोग को सुदृढ़ करने के साथ-साथ हिमालयी क्षेत्र के सतत विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और ज्ञान-विनिमय के नए आयाम स्थापित करेगा। कार्यक्रम में नेपाल विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के चेयरमैन प्रो. देशराज अधिकारी, फार वेस्टर्न विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हेमराज पंत, नेपाल खुला विश्वविद्यालय के पूर्व कुलसचिव डॉ. गोविंद सिंह विष्टा, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी, निदेशक (क्षेत्रीय सेवाएं एवं मानविकी) प्रो. गिरिजा पाण्डेय, कुलसचिव खैमराज भट्ट, परीक्षा नियंत्रक प्रो. सोमेश कुमार, प्रो. रेनू प्रकाश, प्रो. राकेश रयाल, प्रो. मंजरी अग्रवाल, प्रो. डिगर सिंह फर्सवान, प्रो. आशुतोष भट्ट, डॉ. शशांक शुक्ल, डॉ. अनिल कार्की, डॉ. कुमार मंगलम एवं डॉ. पुष्पा बुडलाकोटी सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

For Administrative enquiries:

Uttarakhand Open University

Behind Transport Nagar, Vishwavidyalaya Marg,
Haldwani (Nainital) 263139 Uttarakhand

Toll Free : 1800 180 4025
Operator : 05946-286000


Admissions : 05946286002


Book Distribution Unit : 05946-286001


Exam Section : 05946-286022


Fax : 05946-264232