उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में पद्मश्री एवं पद्म भूषण से सम्मानित प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. वी.के. सारस्वत देंगे विशेष व्याख्यान
उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में पद्मश्री एवं पद्म भूषण से सम्मानित प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. वी.के. सारस्वत देंगे विशेष व्याख्यान
/ June 30, 2026
Submitted by
pawankumar
on June 30, 2026
उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में पद्मश्री एवं पद्म भूषण से सम्मानित प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. वी.के. सारस्वत देंगे विशेष व्याख्यान:
उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर इंटरनल क्वालिटी एश्योरेंस (CIQA) के तत्वावधान में 1 जुलाई 2026 (बुधवार) को दोपहर 2:30 बजे से 3:45 बजे तक विश्वविद्यालय के सीडीएस जनरल बिपिन रावत बहुउद्देशीय सभागार में "Energy Security Paradigm with Clean Energy for Greener Future" विषय पर एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया जाएगा।
इस व्याख्यान के मुख्य वक्ता डॉ. विजय कुमार सारस्वत (डॉ. वी.के. सारस्वत) होंगे, जो भारत के अग्रणी वैज्ञानिकों में से एक हैं। वे नीति आयोग के सदस्य, प्रधानमंत्री की विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार सलाहकार परिषद (PM-STIAC) के सदस्य तथा रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के पूर्व महानिदेशक रह चुके हैं। उन्होंने भारत की स्वदेशी रक्षा प्रौद्योगिकी, विशेष रूप से मिसाइल प्रणालियों के विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया है।
देश के प्रति उनकी असाधारण सेवाओं को सम्मानित करते हुए भारत सरकार ने उन्हें वर्ष 1998 में पद्मश्री तथा वर्ष 2013 में पद्म भूषण जैसे प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों से अलंकृत किया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी करेंगे। इस अवसर पर ऊर्जा सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, सतत विकास तथा भारत के हरित भविष्य की दिशा में अपनाई जा रही नवीन तकनीकों और नीतिगत पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों तथा ऊर्जा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों से इस महत्वपूर्ण व्याख्यान में उपस्थित होकर देश के प्रख्यात वैज्ञानिक के अनुभवों एवं विचारों का लाभ उठाने का आग्रह किया है।
यह व्याख्यान ऊर्जा सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा तथा प्रतिभागियों को भविष्य की ऊर्जा चुनौतियों और उनके समाधान के प्रति नई दृष्टि प्रदान करेगा।