Skip to main content

उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य योग शिविर आयोजित

उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य योग शिविर आयोजित

Program
उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य योग शिविर आयोजित हल्द्वानी, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के योग विभाग द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफ़ेसर नवीन चन्द्र लोहानी, कुलसचिव श्री खेमराज भट्ट, सभी निदेशक सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षार्थी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रातःकाल आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के योग दिवस संदेश के प्रसारण से हुआ। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने इस वर्ष की थीम "Yoga for Healthy Ageing" (स्वस्थ जीवन के लिए योग) पर प्रकाश डालते हुए सभी आयु वर्गों के लिए योग की उपयोगिता और नियमित योगाभ्यास के महत्व को रेखांकित किया। योगाभ्यास एवं ध्यान सत्र का संचालन योग विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. नीता दियोलिया एवं शोधार्थी सुश्री मनीषा रावत ने किया। कुलपति प्रोफ़ेसर नवीन चन्द्र लोहानी के नेतृत्व में उपस्थित प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर योग विभागाध्यक्ष डॉ. भानु प्रकाश जोशी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अंतर्गत विभाग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा 22 मार्च से 21 जून 2026 तक प्रत्येक रविवार निःशुल्क योग शिविरों का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त 1 जून से 21 जून तक 21 दिवसीय निःशुल्क योग शिविर अभियान संचालित किया गया, जिसमें उत्तराखण्ड सहित देश के 10 से अधिक राज्यों में विद्यार्थियों, पूर्व विद्यार्थियों एवं योग साधकों के सहयोग से योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि 14 जून 2026 को आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑनलाइन योग सत्र में भी विश्वविद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं योग साधकों ने सक्रिय सहभागिता की। साथ ही विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो हेलो हल्द्वानी 91.2 एफएम के माध्यम से योग के प्रचार-प्रसार एवं जन-जागरूकता के लिए विशेष कार्यक्रमों का प्रसारण भी किया गया। स्वास्थ्य विज्ञान विद्याशाखा की निदेशिका प्रोफ़ेसर मंजरी अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि बढ़ती आयु वर्गीय जनसंख्या के संदर्भ में योग स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रोफ़ेसर नवीन चन्द्र लोहानी ने दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान करते हुए योग विभाग द्वारा आयोजित विविध कार्यक्रमों की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजनों की निरंतरता बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपक कुमार ने किया, जबकि अंत में कुलसचिव श्री खेमराज भट्ट ने सभी प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

For Administrative enquiries:

Uttarakhand Open University

Behind Transport Nagar, Vishwavidyalaya Marg,
Haldwani (Nainital) 263139 Uttarakhand

Toll Free : 1800 180 4025
Operator : 05946-286000


Admissions : 05946286002


Book Distribution Unit : 05946-286001


Exam Section : 05946-286022


Fax : 05946-264232