उत्तर भारत एरिया हेडक्वार्टर, बरेली के सैनिक सुविधा परिसर स्थित कारगिल हॉल में आयोजित शैक्षिक जागरूकता कार्यक्रम
उत्तर भारत एरिया हेडक्वार्टर, बरेली के सैनिक सुविधा परिसर स्थित कारगिल हॉल में आयोजित शैक्षिक जागरूकता कार्यक्रम
/ May 13, 2026
Submitted by
pawankumar
on May 13, 2026
उत्तर भारत एरिया हेडक्वार्टर, बरेली के सैनिक सुविधा परिसर स्थित कारगिल हॉल में आयोजित शैक्षिक जागरूकता कार्यक्रम में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने सेना अधिकारियों, जवानों एवं उनके पारिवारिक सदस्यों के साथ संवाद स्थापित कर विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक, रोजगारपरक एवं कौशल विकास योजनाओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम का आयोजन बरेली सहित 14 अन्य केंद्रों में एक साथ किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, कौशल विकास और बेहतर करियर निर्माण का सशक्त आधार बन चुकी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा उनके परिजनों को गुणवत्तापूर्ण एवं लचीली शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास कर रहा है।
कुलपति प्रो. लोहनी जी ने कहा कि विश्वविद्यालय राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक शैक्षणिक नवाचारों पर कार्य कर रहा है, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, डिजिटल शिक्षा और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की मान्यता, नैक मूल्यांकन, डिग्री की इक्वीवेलेंस तथा विश्वविद्यालय की विधिक स्थिति के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि सैनिकों को विश्वविद्यालय से जोड़ने के लिए कुमाऊं रेजिमेंट तथा बंगाल इंजीनियर्स के साथ एमओयू किए गए हैं, जिससे सेना के जवानों एवं उनके परिजनों को उच्च शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़ने में सहायता मिल रही है। कुलपति जी ने कहा कि विश्वविद्यालय सेना के जवानों की सेवा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ऐसे अध्ययन केंद्र विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां वे अपनी ड्यूटी के साथ-साथ उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास कार्यक्रमों का लाभ सहज रूप से प्राप्त कर सकें।
प्रो. लोहनी जी ने बताया कि वर्तमान में विश्वविद्यालय के विद्यार्थी 61 देशों में अध्ययनरत हैं, जो विश्वविद्यालय की वैश्विक पहचान और गुणवत्ता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल का समन्वय ही भविष्य में बेहतर अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय सेवा निदेशालय के निदेशक प्रो. गिरिजा पांडे जी ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रमों, मान्यताओं तथा विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने रोजगारपरक एवं कौशल विकास आधारित कार्यक्रमों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को अपने शैक्षणिक स्तर को उन्नत करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव खेमराज भट्ट जी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सेना अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संयोजन लेफ्टिनेंट कर्नल किनसक उकिल जी ने किया। कार्यक्रम में बरेली केंद्र के अलावा उत्तराखंड से 14 विभिन्न सैनिक केंद्रों से अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों ने भी ऑनलाइन रूप में प्रतिभाग किया ।