पिथौरागढ़ स्थित भारतीय आर्मी ब्रिगेड सभागार में आयोजित हुआ उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का वृहद प्रचार-प्रसार कार्यक्रम
पिथौरागढ़ स्थित भारतीय आर्मी ब्रिगेड सभागार में आयोजित हुआ उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का वृहद प्रचार-प्रसार कार्यक्रम।
कार्यक्रम स्थल - पंचशूल ऑडिटोरियम, बिड़ (पिथौरागढ़)।
आज दिनांक 19 अगस्त 2026 को 'उच्च शिक्षा-आपके द्वार' मुहिम के तहत पिथौरागढ़ ब्रिगेड कार्यालय के पंचशूल ऑडिटोरियम में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु एक जागरूकता कार्यक्रम विश्वविद्यालय एवं क्षेत्रीय केंद्र- पिथौरागढ़ के संयुक्त तत्वाधान में सफलतापूर्वक संपादित किया गया।
डिजिटल प्रस्तुतीकरण एवं वेबसाइट प्रदर्शन -
कार्यक्रम के प्रारंभ में विश्वविद्यालय की प्रचार-प्रसार टीम द्वारा प्रोजेक्टर के माध्यम से उपस्थित प्रतिभागियों को UOU की आधिकारिक वेबसाइट का इंटरफेस प्रदर्शित किया गया। इसके अंतर्गत पोर्टल पर उपलब्ध ऑडियो-वीडियो शैक्षणिक सामग्री, वीडियो गैलरी में संरक्षित सामग्री तथा प्रवेश प्रक्रिया व विभिन्न पाठ्यक्रमों से संबंधित विस्तृत जानकारी देने वाले वीडियो दिखाए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए अकादमिक निदेशक, प्रो. पी.डी. पंत ने बताया कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा संचालित पाठ्यक्रमों का लाभ सैन्यकर्मी और उनके आश्रित परिवारजन उठा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय तकनीकी सुविधाओं के माध्यम से राज्य के सभी दूरस्थ क्षेत्रों तक निरंतर बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान कर रहा है। सैन्यकर्मियों के लिए उच्च शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि करियर में निरंतर प्रगति के लिए प्रत्येक कार्मिक को उच्च शिक्षा हासिल करने का लक्ष्य रखना चाहिए। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा को घर-घर तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। तथा सैन्यकर्मियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
इसके पश्चात्, वनस्पति विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. एस.एन. ओझा ने विश्वविद्यालय में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया, डिजिटल व मुद्रित पाठ्यसामग्री, परामर्श सत्रों, परीक्षाओं और विज्ञान कार्यशालाओं के विषय में विस्तारपूर्वक सभी जानकारियाॅ दी। साथ ही Deb ID एवं ABC ID के बारे में भी बताया।
वहीं, भौतिक विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. विशाल कुमार शर्मा ने बताया कि वर्तमान में विश्वविद्यालय राज्य के विभिन्न आर्मी कैंट और रेजीमेंट्स के माध्यम से सैन्यकर्मियों को उच्च शिक्षा ग्रहण करने हेतु विशेष सहयोग और तकनीकी सुविधाएं मुहैया करा रहा है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को मुक्त विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों में पढ़ाई का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
क्षेत्रीय कार्यालय पिथौरागढ़ के सहायक क्षेत्रीय निदेशक श्री भास्कर चंद्र जोशी ने सैन्यकर्मियों को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय द्वारा ऑनलाइन/ऑफलाइन माध्यम से संचालित परामर्श सत्रों, ई-शिक्षण सामग्री, हेलो हल्द्वानी रेडियो ऐप, UOU-Live, डिजिलॉकर एवं विभिन्न कौशल विकास पाठ्यक्रमों आदि सुविधाओं का अधिकतम लाभ लेने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा को लचीला, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने हेतु तीव्रता से आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन सहायक क्षेत्रीय निदेशक, पिथौरागढ़ द्वारा किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में पंचशूल ब्रिगेड के एजुकेशन विंग की प्रमुख लेफ्टिनेंट कर्नल उषा जी, सूबेदार जमात अली एवं संदीप कुमार आदि के साथ लगभग 100 सैन्यकर्मियों ने प्रतिभागी के रूप में सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई।
- Log in to post comments
