Skip to main content

खेलो भारत संवाद में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने दिखाई सक्रिय सहभागिता

Program
खेलो भारत संवाद में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने दिखाई सक्रिय सहभागिता। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के शुभ अवसर पर 27 अगस्त 2026 को युवा एवं खेल मंत्रालय , भारत सरकार द्वारा आयोजित ‘खेलो भारत संवाद’ मे उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी ने प्रतिभाग किया । इस कार्यक्रम हेतु देशभर के सभी जिलों से 2 शिक्षण संस्थानों को चयनित किया गया था। नैनीताल जिले से उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय को कैटिगरी 1 संस्थान के रूप में चयनित किया गया था। कार्यक्रम के राष्ट्रीय आभासी सत्र में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी ने देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। विश्वविद्यालय परिसर में शिक्षकों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं अतिथियों ने माननीय प्रधानमंत्रीजी का संबोधन का प्रत्यक्ष प्रसारण सुना। कार्यक्रम के दूसरे चरण में टोक्यो पैरालंपिक पदक विजेता एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी श्री मनोज सरकार तथा अंतरराष्ट्रीय धावक श्री सुरेश चंद्र पांडे को युवाओं के साथ संवाद हेतु आमंत्रित किया गया था। विश्वविद्यालय द्वारा दोनों विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित भी किया गया । दोनों खिलाड़ियों ने संवाद के माध्यम से अपने खेल तथा जीवन के अनुभव, संघर्ष और उपलब्धियों को साझा कर उपस्थित युवाओं को प्रेरित भी किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी जी ने आभासीय माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के शिक्षार्थियों को खेल के पूरे अवसर प्रदान करने की बात कही तथा बताया कि छात्रों को सर्वांगीण विकास में खेलों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने खेल दिवस तथा इस कार्यक्रम के आयोजन हेतु सभी को बधाई दी । इसके अतिरिक्त कुलसचिव डॉ. खेम राज भट्ट, प्रो. पी. डी. पंत, प्रो. कमल देवलाल सहित विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो. जितेंद्र पांडे, प्रो. मंजरी अग्रवाल, प्रो राकेश रयाल, प्रो. अरविंद भट्ट, प्रो. रेनू प्रकाश, प्रो. आशुतोष भट्ट, डॉ राजेश मतपाल डॉ मीनाक्षी, डॉ दीप्ति नेगी एवं समस्त शिक्षकगण, अधिकारीगण एवं कर्मचारी तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम शिक्षा और खेल के समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम ने युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व, फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ उन्हें सशक्त, स्वस्थ एवं जागरूक युवा शक्ति के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।