राजकीय पॉलिटेक्निक मूनाकोट में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रचार-प्रसार कार्यक्रम का आयोजन
राजकीय पॉलिटेक्निक मूनाकोट में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रचार-प्रसार कार्यक्रम का आयोजन।
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ से लगभग 22 किलोमीटर की दूरी पर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक, मूनाकोट में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी की ओर से प्रचार-प्रसार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजकीय पॉलिटेक्निक मूनाकोट के लगभग 60 विद्यार्थियों सहित विभिन्न संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, विभिन्न पाठ्यक्रमों, ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही विश्वविद्यालय की हाल की उपलब्धियों एवं गतिविधियों पर आधारित लाइव वीडियो डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से विद्यार्थियों ने माननीय कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी के दूरदर्शी नेतृत्व में विश्वविद्यालय की प्रगति और शैक्षणिक पहलों की जानकारी प्राप्त की । विद्यार्थियों ने मुक्त शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं को अत्यंत उपयोगी बताया।
विश्वविद्यालय की टीम द्वारा PPT प्रस्तुतीकरण एवं विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के ऑनलाइन प्रदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों को उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा संचालित स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, प्रमाण-पत्र, कौशल एवं अन्य पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को प्रवेश के विभिन्न चरणों, पाठ्यक्रमों के चयन तथा विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विद्यार्थी सहायता सेवाओं के बारे में भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की ओर से निदेशक अकादमिक प्रो. पी. डी. पंत, डॉ. विशाल कुमार शर्मा ,समन्वयक, आदर्श अध्ययन केन्द्र हल्द्वानी तथा सहायक निदेशक, अनुसंधान एवं नवाचार, डॉ. सरस्वती नन्दन ओझा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अपनी रुचि एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप उपयुक्त पाठ्यक्रम का चयन करते हुए उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सहायक क्षेत्रीय निदेशक, पिथौरागढ़, श्री भास्कर चन्द्र जोशी ने विद्यार्थियों को जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का अध्ययन केन्द्र एल.एस.एम. परिसर, पिथौरागढ़ में स्थित है। उन्होंने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अध्ययन केन्द्र के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक एवं विद्यार्थी सहायता सुविधाओं का लाभ प्राप्त होता है।
- Log in to post comments
