लोहाघाट में परीक्षा निरीक्षण एवं प्रवेश प्रचार कार्यक्रम आयोजित
लोहाघाट में परीक्षा निरीक्षण एवं प्रवेश प्रचार कार्यक्रम आयोजित
लोहाघाट। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की टीम द्वारा स्वामी विवेकानन्द राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लोहाघाट में परीक्षा निरीक्षण के साथ-साथ विद्यार्थियों के बीच विश्वविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक कार्यक्रमों में प्रवेश को लेकर जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार अभियान चलाया गया।
इस अवसर पर अकादमिक निदेशक प्रो. पी. डी. पंत ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाण-पत्र कार्यक्रमों के साथ-साथ कौशल विकास एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि एवं रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप पाठ्यक्रमों का चयन करने का आह्वान किया।
मॉडल स्टडी सेंटर हल्द्वानी के समन्वयक डॉ. विशाल कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रवेश के लिए आवश्यक प्रक्रिया, अध्ययन सामग्री, ऑनलाइन सुविधाओं तथा विभिन्न Learner Support Centres (अध्ययन केन्द्रों) के माध्यम से विद्यार्थियों को उपलब्ध शैक्षणिक एवं सहयोगात्मक सुविधाओं की जानकारी साझा की।
वहीं डॉ. एस. एन. ओझा ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक सफर में दूरस्थ एवं मुक्त शिक्षा (ODL) की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ODL प्रणाली विद्यार्थियों को अपनी अन्य जिम्मेदारियों के साथ उच्च शिक्षा जारी रखने का अवसर प्रदान करती है तथा यह शिक्षा को अधिक सुलभ और लचीला बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने प्रवेश, पाठ्यक्रम, अध्ययन केन्द्र, ऑनलाइन सुविधाओं एवं परीक्षा संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका टीम द्वारा समाधान किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने तथा उच्च शिक्षा के साथ कौशल एवं रोजगारपरक शिक्षा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके पश्चात टीम द्वारा महाविद्यालय में द्वितीय पाली में संचालित विश्वविद्यालय की परीक्षाओं का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। टीम ने पाया कि परीक्षाएं शांतिपूर्ण, सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही हैं। परीक्षा केन्द्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की टीम ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अधिकाधिक अवसरों से जोड़ने तथा मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से शिक्षा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के विश्वविद्यालय के प्रयासों की जानकारी भी दी।
- Log in to post comments
