उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के हल्द्वानी क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत उप कारागार हल्द्वानी में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के हल्द्वानी क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत उप कारागार हल्द्वानी में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया
/ May 19, 2026
Submitted by
pawankumar
on May 19, 2026
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के हल्द्वानी क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत विशेष अध्ययन केन्द्र उप कारागार हल्द्वानी में बंद कैदियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की गई थी और इसी क्रम में पूर्व में उप कारागार हल्द्वानी में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया था जिससे प्रेरित होकर जेल के 17 कैदियो द्वारा विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया गया।
आज दिनांक 18 मई 2026 को उप कारागार में सत्र जनवरी में प्रवेशित कैदियो हेतु पुस्तक वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम माननीय कुलपति प्रोफ़ नवीन चन्द्र लोहनी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया ।
इस अवसर पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के निदेशक क्षेत्रीय सेवाए प्रो. गिरिजा पाण्डे, निदेशक अकादमिक प्रोफ़ पी डी पंत, कुलसचिव श्री खेमराज भट्ट, सहायक क्षेत्रीय निदेशक रेखा बिष्ट, मधु डोगरा सहित कारागार प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सर्वप्रथम प्रो. गिरिजा पाण्डे ने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय प्रदेश के सुदूर एवं वंचित क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से कोई भी व्यक्ति वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से अब जेल में बंद कैदियों तक भी उच्च शिक्षा पहुंचाई जा रही है ।
प्रोफ़ पी डी पंत ने कहा कि शिक्षा प्राप्त करना हर व्यक्ति का मौलिक अधिकार है। उपेक्षित वर्ग तक उच्च शिक्षा पहुंचाना बड़ी चुनौती है। विश्वविद्यालय द्वारा जेल के कैदियों को शिक्षा पहुँचने हेतु हर संभव सहायता की जाएगी।
कुलसचिव डॉ. खेमराज भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय समाज के वंचित, उपेक्षित एवं विशेष आवश्यकता वाले वर्गों तक उच्च शिक्षा की अलख जगाने के लिए प्रतिबद्ध है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य है कि कोई भी वर्ग उच्च शिक्षा से वंचित न रहे, चाहे परिस्थितियां कैसी भी हों।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय प्रदेश के सुदूर एवं वंचित क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से कोई भी व्यक्ति वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से अब जेल में बंद कैदियों तक भी उच्च शिक्षा पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पढ़ाई करने से कैदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा और वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर बाहर आने के बाद अपने जीवन को नई दिशा दे सकेंगे।
जेल अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार द्वारा भी उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की इस पहल की सराहना की और कहा की उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की इस पहल से कैदियों को शिक्षा का लाभ मिलेगा, जिससे उनके जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलेगा और वे एक सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ सकेंगे। उन्होंने इस हेतु विश्वद्यालय का आभार व्यक्त किया ।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए सहायक क्षेत्रीय निदेशक रेखा बिष्ट ने बताया कि इस विशेष अध्ययन केंद्र के माध्यम से जेल में बंद कैदियो को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में निःशुल्क प्रवेश दे रहे है । उनके द्वारा प्रवेश जुलाई सत्र से प्रारंभ होने से संबंधित जानकारी प्रदान की ।
अंत में माननीय कुलपति जी द्वारा विश्वविद्यालय में सत्र जनवरी 2026 में पंजीकृत शिक्षार्थियों को पुस्तकें वितरित की गई तथा उपकारगार की लाइब्रेरी हेतु 180 किताब निशुल्क प्रदान की गई।
विश्वविद्यालय के इस कार्यक्रम में उप कारागार से नीलम धामी, श्री अमित कुमार, समस्त अधिकारीगण के साथ-साथ पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक कैदी भी उपस्थित रहे।