दिनांक 6 मई 2026 को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बाजपुर में नए प्रवेशित शिक्षार्थियों के मार्गदर्शन हेतु अभिविन्यास कार्यक्रम एवं निशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवागंतुक शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, परीक्षा पद्धति और सत्रीय कार्यों आदि से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति माननीय प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो बी के सिंह, सहायक क्षेत्रीय निदेशक श्रीमती रेखा बिष्ट, अध्ययन केन्द्र के समन्वयक डॉ आदर्श चौधरी सहित वरिष्ठ प्राध्यापकों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। डॉ चौधरी ने शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की महत्ता एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में इसकी भूमिका से अवगत कराया। इसके पश्चात कुलगीत के माध्यम से एकता एवं उद्देश्य की भावना को प्रकट किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवप्रवेशित छात्रों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, नीतियों, सुविधाओं एवं ऑनलाइन डिस्टेंस लर्निंग प्रणाली से परिचित कराना था। विभिन्न वक्ताओं ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, अध्ययन सामग्री वितरण, कार्यशालाओं तथा कौशल विकास कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर उपस्थित काशीपुर अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो0 एम पी सिंह ने ODL प्रणाली की विशेषताओं को विस्तार से समझाया। सहायक क्षेत्रीय निदेशक श्रीमती रेखा बिष्ट ने उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया एवं अध्ययन केंद्रों की संरचना से सम्बन्धित जानकारी दी। मुख्य वक्ता माननीय कुलपति
प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने छात्रों को विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, छात्रवृत्ति योजनाओं, स्व-अध्ययन सामग्री (SLM) के साथ अन्य संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। माननीय कुलपति जी द्वारा NEP 2020 एवं MOOCS से सम्बन्धित जानकारी साझा की गई। उनके द्वारा बताया गया कि इंडक्शन के साथ-साथ काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किए जाते है जिनमें छात्रों को समय प्रबंधन, तनाव प्रबंधन एवं करियर मार्गदर्शन से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए जाते हैं।
कार्यक्रम का समापन डॉ आदर्श चौधरी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस कार्यक्रम में लगभग 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उपस्थिति दर्ज की। साथ ही महाविद्यालय परिसर में पुस्तक मेले का भी आयोजन किया गया जिसमें लगभग 1000 से अधिक पुस्तकों का निशुल्क वितरण किया गया।
यह इंडक्शन कार्यक्रम शिक्षार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। इस अवसर पर डॉ मनुहार आर्य, डॉ जया कांडपाल, डॉ प्रमोद कोठारी, डॉ सूरज पाल, डॉ पंकज कुमार, डॉ जाहिद मुस्तफा, डॉ प्राची, डॉ पूजा, डॉ वंदना, डॉ मेहराज, डॉ संगीता, श्री रंजीत सिंह,श्रीमती मधु आदि उपस्थित रहे|