बीएसएम पीजी कॉलेज में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का दीक्षारम्भ कार्यक्रम आयोजित
बीएसएम पीजी कॉलेज में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का दीक्षारम्भ कार्यक्रम आयोजित
/ April 29, 2026
Submitted by
pawankumar
on April 29, 2026
बीएसएम पीजी कॉलेज में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का दीक्षारम्भ कार्यक्रम आयोजित।
रुड़की
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा सत्र जनवरी 2026 के अंतर्गत बीएसएम पीजी कॉलेज में दीक्षारम्भ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, पाठ्यक्रमों तथा उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत में बीएड कॉलेज की प्राचार्य डॉ. ममता जोशी ने सभी का स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने उच्च शिक्षा को घर-घर तक पहुँचाकर इसे अधिक सुलभ बना दिया है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के अनेक छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो रहे हैं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
विश्वविद्यालय के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. बृजेश बनकोटी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय की संरचना और कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय अपने अध्ययन केंद्रों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा पहुँचा रहा है। रूड़की क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत 23 अध्ययन केंद्र संचालित हैं, जहाँ बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
डॉ. बनकोटी ने छात्रों से अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर समर्पण के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा ऑनलाइन पाठ्यक्रम, ऑडियो-वीडियो लेक्चर तथा डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जिनका विद्यार्थियों को अधिकाधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय की विशेषता यह है कि किसी भी आयु वर्ग का व्यक्ति, कहीं से भी अपनी सुविधा अनुसार शिक्षा प्राप्त कर सकता है।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट (uou.ac.in) पर प्रवेश, पाठ्यक्रम, परीक्षा तथा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध है। विश्वविद्यालय में प्रवेश वर्ष में दो बार—जनवरी एवं जुलाई सत्र में किये जाते है।
कार्यक्रम का संचालन भरत चंद द्वारा किया गया। इस अवसर पर संजय चौबे, डॉ. निमिषा सैनी, मंसूर अहमद, अमित, अंकिता सैनी, डॉ. सुमति श्रीवास्तव तथा सोनिया सैनी सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय से जुड़कर उच्च शिक्षा प्राप्त करने का संकल्प लिया।