Skip to main content

माननीय राज्यपाल जी ने ‘फिन बोध’ और ‘उत्तरावाणी’ ऐप का किया लोकार्पण, होमस्टे प्रबंधन पाठ्य सामग्री भी जारी

माननीय राज्यपाल जी ने ‘फिन बोध’ और ‘उत्तरावाणी’ ऐप का किया लोकार्पण, होमस्टे प्रबंधन पाठ्य सामग्री भी जारी

Lokbhawan
माननीय राज्यपाल जी ने ‘फिन बोध’ और ‘उत्तरावाणी’ ऐप का किया लोकार्पण, होमस्टे प्रबंधन पाठ्य सामग्री भी जारी नैनीताल, 26 मई। माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि.) जी ने मंगलवार को लोक भवन, नैनीताल में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा विकसित ‘फिन बोध’ एवं ‘उत्तरावाणी’ ऐप तथा असिस्टेंट होमस्टे मैनेजर पाठ्य सामग्री का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने इन पहलों को उत्तराखण्ड की आर्थिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन क्षमता को सशक्त बनाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। माननीय राज्यपाल जी ने कहा कि ‘फिन बोध’ ऐप वित्तीय साक्षरता को सरल और व्यवहारिक रूप में आमजन तक पहुँचाने का अभिनव माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए राजस्व, निवेश, संपत्ति प्रबंधन और वित्तीय परिसंपत्तियों की जानकारी अत्यंत आवश्यक है। ऐप आधारित माध्यमों से सीखने की बढ़ती प्रवृत्ति को देखते हुए ‘फिन बोध’ युवाओं के लिए एक प्रभावी और प्रगतिशील पहल सिद्ध होगी। ‘उत्तरावाणी’ ऐप के संबंध में माननीय राज्यपाल जी ने कहा कि यह उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, लोकभाषाओं और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि कुमाऊँनी, गढ़वाली, जौनसारी सहित विभिन्न बोलियों, लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक मंच उपलब्ध कराने में यह ऐप महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सामुदायिक रेडियो की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए यह मंच दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को जोड़ने तथा स्थानीय ज्ञान एवं संस्कृति को वैश्विक स्तर तक पहुँचाने में सहायक बनेगा। असिस्टेंट होमस्टे मैनेजर पाठ्य सामग्री के लोकार्पण अवसर पर माननीय राज्यपाल जी ने कहा कि यह पहल राज्य के युवाओं को कौशल विकास एवं स्वरोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में होमस्टे पर्यटन तेजी से विकसित हो रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। यह पाठ्य सामग्री युवाओं को होमस्टे प्रबंधन, अतिथि सत्कार और बेहतर सेवा प्रदान करने के लिए प्रशिक्षित करेगी तथा राज्य के पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा देगी। माननीय राज्यपाल जी ने विश्वविद्यालय परिवार को इन नवाचारपूर्ण पहलों के लिए बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ये प्रयास उत्तराखण्ड के आर्थिक विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। ‘फिन बोध’ ऐप में व्यक्तिगत वित्त, बचत, निवेश, कर नियोजन, बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल भुगतान, साइबर सुरक्षा जागरूकता तथा विभिन्न वित्तीय योजनाओं से संबंधित उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराई गई है। वहीं ‘उत्तरावाणी’ ऐप राज्य के विभिन्न सामुदायिक रेडियो स्टेशनों को एकीकृत करने वाला मल्टी-कम्युनिटी रेडियो प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से उपयोगकर्ता लाइव रेडियो स्ट्रीमिंग और पॉडकास्ट का लाभ ले सकेंगे। इसके अतिरिक्त असिस्टेंट होमस्टे मैनेजर पाठ्यक्रम हेतु तैयार प्रतिभागी पुस्तिका एवं फैसिलिटेटर गाइड में अतिथि सत्कार, हाउसकीपिंग, ऑनलाइन बुकिंग, सोशल मीडिया प्रचार, संचार कौशल और उद्यमिता जैसे विषयों को शामिल किया गया है। इस अवसर पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी जी ने माननीय राज्यपाल जी का विश्वविद्यालय की पहलों के लोकार्पण एवं मार्गदर्शन हेतु आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, कौशल विकास, वित्तीय साक्षरता, स्थानीय संस्कृति के संरक्षण तथा रोजगारपरक प्रशिक्षण के क्षेत्र में निरंतर नवाचार कर रहा है और भविष्य में भी माननीय कुलाधिपति महोदय के निर्देशन तथा मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय समाजोपयोगी कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। कार्यक्रम में सचिव राज्यपाल श्री रविनाथ रामन, कुलसचिव श्री खेम राज भट्ट सहित विश्वविद्यालय के निदेशक, शिक्षकगण एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

For Administrative enquiries:

Uttarakhand Open University

Behind Transport Nagar, Vishwavidyalaya Marg,
Haldwani (Nainital) 263139 Uttarakhand

Toll Free : 1800 180 4025
Operator : 05946-286000


Admissions : 05946286002


Book Distribution Unit : 05946-286001


Exam Section : 05946-286022


Fax : 05946-264232