जौनसारी बोली में जल्द शुरू होगा सर्टिफिकेट कोर्स : कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी
जौनसारी बोली में जल्द शुरू होगा सर्टिफिकेट कोर्स : कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी
साहिया, 21 अगस्त 2026। जौनसार-बावर क्षेत्र के छात्रों के लिए उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों में जल्द ही जौनसारी बोली-भाषा को शामिल किया जाएगा। यह जानकारी उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने सरदार महिपाल राजेन्द्र जनजातीय (पी.जी.) कॉलेज, साहिया में आयोजित उच्च शिक्षा आपके द्वार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दी।
कुलपति प्रो. लोहनी ने बताया कि विश्वविद्यालय में जौनसारी भाषा में पाठ्यक्रम शुरू करने को लेकर कार्य चल रहा है। पाठ्यक्रम तैयार होने के बाद इसे जनवरी 2027 या जुलाई 2027 के सत्र से शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में गढ़वाली और कुमाऊँनी सहित अन्य स्थानीय भाषाओं में पाठ्यक्रम पहले से संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जौनसारी भाषा में पाठ्यक्रम शुरू होने से क्षेत्र की स्थानीय बोली, लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन को नई दिशा मिलेगी। यह पहल जौनसार-बावर की सांस्कृतिक पहचान को उच्च शिक्षा से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रो. लोहनी ने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक उच्च शिक्षा पहुंचाना है। मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से व्यक्ति किसी भी उम्र में अपनी पढ़ाई जारी रख सकता है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय छात्रों की सुविधा को प्राथमिकता दे रहा है। प्रवेश के बाद छात्रों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के साथ अब डिग्री भी डाक के माध्यम से उनके घर तक पहुंचाई जा रही है।
इस अवसर पर डॉ. राकेश चन्द्र रयाल ने विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं योजनाओं की जानकारी दी। साहिया कॉलेज के चेयरमैन अनिल सिंह तोमर ने विशेष अध्ययन केंद्र के माध्यम से छात्रों को मिल रहे शैक्षणिक अवसरों की जानकारी दी। सामाजिक कार्यकर्ता भारत चौहान ने जौनसारी भाषा को पाठ्यक्रम में शामिल करने के निर्णय को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे बोली-भाषा के संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में डॉ. सुभाष रमोला, डॉ. गोविंद सिंह रावत, डॉ. रवि कुमार, डॉ. प्रियंका जलाल, डॉ. रीना रांगड़, अर्जुन सिंह तोमर, सरदार सिंह, वीरेंद्र लाल, केशव सिंह, कमल सिंह नेगी, सुनील शर्मा, अमित चौहान, सुरेश चौहान, नितिन तोमर, मनीष चौहान अंकित, याशिका, पूजा, सोनिया, रविता सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कुलपति ने किया ‘जौनसार दर्पण’ समाचार पत्रिका का लोकार्पण
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने सरदार महिपाल राजेन्द्र जनजातीय (पी.जी.) कॉलेज, साहिया की वार्षिक समाचार पत्रिका जौनसार दर्पण का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने पत्रिका के प्रकाशन की सराहना करते हुए कहा कि जौनसार दर्पण महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं अन्य गतिविधियों को समाज तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी पत्रिकाएं छात्रों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ महाविद्यालय की उपलब्धियों को भी व्यापक पहचान प्रदान करती हैं।
- Log in to post comments
