छावनी इंटर कॉलेज, रानीखेत में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केन्द्र रानीखेत द्वारा एक जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यक्रम का आयोजन किया गया
छावनी इंटर कॉलेज, रानीखेत में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केन्द्र रानीखेत द्वारा एक जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यक्रम का आयोजन किया गया
/ June 20, 2026
Submitted by
pawankumar
on June 20, 2026
आगामी प्रवेश सत्र 2026-27 के प्रचार-प्रसार एवं विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विभिन्न अवसरों की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से आज छावनी इंटर कॉलेज, रानीखेत में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केन्द्र रानीखेत द्वारा एक जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य भुवन चन्द्र पाण्डेय के सहयोग एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की ओर से सहायक क्षेत्रीय निदेशक रुचि आर्या एवं कार्यालय सहायक उमा शंकर नेगी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय द्वारा संचालित स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, अध्ययन सामग्री, ऑनलाइन सेवाओं तथा रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें अपनी रुचि एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रमों का चयन करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रधानाचार्य भुवन चन्द्र पाण्डेय ने उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा संचालित लचीली एवं सुलभ शिक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ शिक्षा उन विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है जो किसी कारणवश नियमित शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। क्षेत्रीय केन्द्र
रानीखेत द्वारा बताया गया कि आगामी प्रवेश सत्र को दृष्टिगत रखते हुए क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थी उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की शैक्षिक सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।