Skip to main content

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के द्वारा अध्ययन केंद्र 12079, हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनोरी में आज “दीक्षारम्भ कार्यक्रम” का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया

dhanori
उत्तराखंड में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के द्वारा अध्ययन केंद्र 12079, हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनोरी में आज “दीक्षारम्भ कार्यक्रम” का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। इस कार्यक्रम में दर्जनों विद्यार्थियों तथा शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. बृजेश बनकोटी एवं कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मुनीन्द्र सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अध्ययन केंद्र की सहायक समन्वयक डॉ. छवि त्यागी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। अपने स्वागत संबोधन में उन्होंने कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है और हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज में भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इन पाठ्यक्रमों से लगातार जुड़ रहे हैं। मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए डॉ. बृजेश बनकोटी ने कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय का उद्देश्य उच्च शिक्षा को घर-घर तक पहुंचाना है। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने पाठ्यक्रम का मन लगाकर अध्ययन करें, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि अध्ययन केंद्र समय-समय पर परामर्श सत्र एवं विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, जिससे विद्यार्थियों को निरंतर मार्गदर्शन मिलता रहे और शिक्षा की गुणवत्ता बनी रहे। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मुनीन्द्र सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के दीक्षारम्भ कार्यक्रम विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक जानकारियां प्रदान करने में सहायक होते हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के बीच जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से जीवन में हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन डॉ.राहुल द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपप्राचार्य डॉ.योगेश योगी,डॉ.साक्षी,शिवानी सहित अन्य शिक्षकगण एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम और अधिक सफल एवं प्रभावशाली बना।