Skip to main content

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में निःशुल्क योग कक्षाओं का शुभारंभ- अंतरराष्ट्रीय सहभागिता से बढ़ा उत्साह

yoga
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में निःशुल्क योग कक्षाओं का शुभारंभ- अंतरराष्ट्रीय सहभागिता से बढ़ा उत्साह- उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के योग विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में दिनांक २२ मार्च से आम जनमानस के लिए प्रारम्भ की गई निःशुल्क योग कक्षाओं को आज विशेष अंतरराष्ट्रीय आयाम प्राप्त हुआ, जब विश्वविद्यालय में पधारे International Visiting Professor Prof. Kwang Sik Chung (Korea National Open University, south Korea) ने स्वयं उपस्थित होकर योग सत्र में सहभागिता की। विश्वविद्यालय प्रांगण में प्रातः 6:00 बजे से 7:00 बजे तक आयोजित इस साप्ताहिक योग सत्र में योग विभाग के अध्यापकों ,प्रशिक्षकों तथा शोधार्थियों के साथ-साथ बगल के गांव मानपुर पश्चिम के नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कोरिया से पधारे प्रोफेसर की सहभागिता ने कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया तथा योग की वैश्विक स्वीकार्यता का सजीव उदाहरण प्रस्तुत किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नवीन चंद्र लोहनी ने बताया कि यह निःशुल्क योग शिविर आम जनता के स्वास्थ्य लाभ तथा जन-जन तक योग के सकारात्मक प्रभाव पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। योग हमारे जीवन में शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने का सशक्त माध्यम है, अतः अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ना चाहिए। योग विभाग के अनुभवी शिक्षकों, प्रशिक्षकों एवं शोधार्थियों द्वारा संचालित इन कक्षाओं में विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया जा रहा है। योग विभाग की ओर से प्रतिभागियों से अनुरोध किया गया है कि वे योगाभ्यास हेतु अपने साथ योग मैट/चादर अवश्य लेकर आएं। यह निःशुल्क योग कार्यक्रम दिनांक 22 मार्च 2026 से प्रत्येक रविवार विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जा रहा है और 21 जून 2026 तक नियमित रूप से चलता रहेगा। योग विभाग ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस स्वास्थ्यवर्धक पहल में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनें और योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।