आज दिनांक 29 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र, एम0बी0 राजकीय महाविद्यालय, हल्द्वानी में नए प्रवेशित शिक्षार्थियों के मार्गदर्शन हेतु 'दीक्षारंभ' कार्यक्रम (Induction Programme) का आयोजन किया गया
आज दिनांक 29 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र, एम0बी0 राजकीय महाविद्यालय, हल्द्वानी में नए प्रवेशित शिक्षार्थियों के मार्गदर्शन हेतु 'दीक्षारंभ' कार्यक्रम (Induction Programme) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवागंतुक शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, परीक्षा पद्धति और सत्रीय कार्यों आदि से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत भाषण के साथ हुआ, जिसमें अध्ययन केन्द्र के समन्वयक डॉ संजय खत्री ने शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की महत्ता एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में इसकी भूमिका से अवगत कराया। इसके पश्चात कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ एन एस बनकोटी, सहायक क्षेत्रीय निदेशक श्रीमती रेखा बिष्ट सहित वरिष्ठ प्राध्यापकों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया तथा कुलगीत के माध्यम से एकता एवं उद्देश्य की भावना को प्रकट किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवप्रवेशित छात्रों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, नीतियों, सुविधाओं एवं ऑनलाइन डिस्टेंस लर्निंग प्रणाली से परिचित कराना था। विभिन्न वक्ताओं ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, अध्ययन सामग्री वितरण, कार्यशालाओं तथा कौशल विकास कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर समन्वयक प्रो0 संजय सत्री ने ODL प्रणाली की विशेषताओं को विस्तार से समझाया। प्रो एम एम जोशी, अतिरिक्त निदेशक, क्षेत्रीय सेवायें, उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय ने प्रवेश प्रक्रिया एवं अध्ययन केंद्रों की संरचना से सम्बन्धित जानकारी दी तथा डॉ सुमित प्रसाद, प्रभारी प्रवेश ने प्रवेश एवं परीक्षा प्रणाली को सरल भाषा में स्पष्ट किया। उसके पश्चात डॉ गोकुल सिंह सत्याल सहायक समन्वयक द्वारा अध्ययन केन्द्र में आयोजित काउंसलिग एवं प्रेक्टिकल से सम्बन्धित जानकारी प्रदान की।
प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने छात्रों को प्रेरित करते हुए विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, छात्रवृत्ति योजनाओं, डिजीलॉकर एवं “हेलो हल्द्वानी FM” जैसे डिजिटल प्लेटफार्मों के उपयोग पर बल दिया। उन्होंने छात्रों को स्व-अध्ययन सामग्री (SLM) के साथ अन्य संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। माननीय कुलपति जी द्वारा NEP 2020 एवं MOOCS से सम्बन्धित जानकारी साझा की। उनके द्वारा बताया कि इंडक्शन के साथ-साथ काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किए जाते है जिनमें छात्रों को समय प्रबंधन, तनाव प्रबंधन एवं करियर मार्गदर्शन से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए जाते हैं।
कार्यक्रम का समापन श्रीमती रेखा बिष्ट द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस कार्यक्रम में लगभग 250 से अधिक प्रतिभागियों ने उपस्थिति दर्ज की। साथ ही महाविद्यालय परिसर में पुस्तक मेले का भी आयोजन किया गया जिसमें लगभग 3000 से अधिक पुस्तकों का निशुल्क वितरण किया गया।
यह इंडक्शन कार्यक्रम शिक्षार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ, जिसने उन्हें अपने शैक्षणिक जीवन की सफल शुरुआत के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ एन एस सिजवाली द्वारा किया गया । इस अवसर पर श्री गणेश गोस्वामी, श्री मनोज कुमार जोशी, श्री जीवन भट्ट, श्रीमती पुष्पा भट्ट, श्रीमती शकुन्तला रौतेला आदि उपस्थित रहे|
- Log in to post comments
