आज गांधी जयंती कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो नवीन चंद्र लोहनी जी ने कहा कि गांधी जी को व्यापक सन्दर्भ में देखे जाने की जरुरत है | गांधी जी की सबसे बड़ी बात यह थी कि वे अंतिम जन की बात करते हैं | प्रो लोहनी ने गांधी जी के भाषा अभियान की विस्तार से चर्चा की | उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आंदोलन की एक भाषा होनी चाहिए | इस क्रम में गांधी जी के महत्व को समझे जाने की जरुरत है | गांधी पढ़ने के नहीं, जीने के व्यक्तित्व हैं | गांधी आधुनिक व्यक्तित्व की दृष्टि से भी हमारे लिए अनुकरणीय हैं| गांधी भारत को जानने के सूत्र हैं| गांधी जी का स्व व्यक्तिगत नहीं है, राष्ट्रीय है|
मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए गांधीवादी कार्यकर्त्ता श्री इस्लाम हुसैन जी ने कहा कि अपने अनुभवों को साझा किया | आपने गैर -बराबरी और शुचिता जैसे शब्दों के माध्यम से गांधी दर्शन को स्पष्ट किया| गांधी जी के व्यक्तित्व में गैर बराबरी के प्रति प्रतिरोध व न्याय के लिए संघर्ष, ये दो मुख्य बातें थीं | श्री इस्लाम हुसैन जी ने गांधी के सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला |
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रो गिरिजा प्रसाद पांडे ने अपना वक्तव्य गांधी जी के उत्तराखंड यात्रा पर केंद्रित रखा | उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि गांधी के विचार आगे बढ़ रहे हैं | मनुष्यता जब -जब संकट से गुजरी है, तब -तब गांधी स्मरण आते रहेंगे | गांधी ने अपनी उत्तराखंड यात्रा से नयी दृष्टि मिली, साथ ही आलोचनात्मक दृष्टि भी उन्हें यहाँ से मिली | गांधी जी की यात्राओं ने उन्हें निर्मित किया | साथ ही भारतीय जन मानस को भी लगने लगा था कि यह हमारे जैसा ही व्यक्तित्व हैं | गांधी जी की उत्तराखंड की यात्रा ने यहाँ की महिलाओं को राष्ट्रीय आंदोलन से जोड़ा | गांधी की ये यात्राएँ उत्तराखंड को मुख्य धारा से जोड़ा |
गांधी जयंती कार्यक्रम का प्रारम्भ कुलपति प्रो नवीन चंद्र लोहनी एवं मुख्य अतिथि श्री इस्लाम हुसैन, सीका के निदेशक प्रो गिरिजा प्रसाद पांडेय द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम से हुआ| इसके पश्चात संगीत विभाग के प्राध्यापकों द्वारा वैष्णवन जन तेनो कहिये, पीर पराई जाने ना... की सांगीतिक प्रस्तुति की गयी|
डॉ राजेंद्र कैड़ा ने विषय प्रवेश करते हुए कहा कि गांधी इस सभ्यता के कठिनतम व्यक्तित्व हैं | उन जैसा होना कठिन है | गांधी इस सभ्यता को बड़े स्तर पर परिभाषित करते हैं | गांधी पर्यावरण समेत कई प्रश्नों से टकराते हैं | गांधी को नये सिरे से खोजें जाने की जरुरत है |
दिग्विजय पथनी ने कहा कि गांधी जी राजनीति और नैतिकता के अंतरसम्बन्ध को स्थापित करते हैं | गांधी साधन के साथ ही साध्य को भी लेकर चलते हैं | गांधी का स्वराज्य त्याग और सेवा पर निर्भर है | गांधी का स्वराज्य केवल सत्ता हस्तानतरण मात्र नहीं है | गांधी संवादी संवेदना का प्रयोग करते हैं|
कार्यक्रम के दूसरे वक्ता डॉ शुभांकर शुक्ला ने कहा कि आज सामान्य व्यक्ति और गांधी के दर्शन के बीच खाई बढ़ती जा रही है | गांधी को समझने के कई पहलू हैं | गांधी अपने सामर्थको से ज्यादा अपने विरोधियों के बीच भी प्रासंगिक हैं | गांधी का व्यक्तित्व, उनकी पद्धति बेहद जटिल हैं, इसे नये ढंग से समझे जाने की आवश्यकता है | गांधी जी का अंतकरण का प्रश्न भी सरल नहीं है | गांधी जी की सबसे बड़ी विशेषता उनकी संवादधर्मिता रही है | इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्राध्यायक, कर्मचारियों की बड़ी संख्या उपस्थित रही|
विचार गोष्ठी के बाद स्वच्छता कार्यक्रम किया गया |
कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन प्रो रेनू प्रकाश ने किया | कार्यक्रम का संचालन डॉ श्रुति पंत ने किया |